इन्दौर (ईएमएस) सोशल साइट्स पर वायरल वीडियो के साथ आक्रोशित हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं की चेतावनी के बाद पुलिस ने मंदिर के पास पेशाब करने वाले तीन नशेड़ी युवकों को सीसीटीवी कैमरे खंगालते गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की है। मामला रावजी बाजार थाना क्षेत्र के मोती तबेला में स्थित हनुमान मंदिर के पास का है जहां नशे की हालत में तीन युवकों के पेशाब करने का विडियो सोशल साइट्स पर वायरल हुआ था। पुलिस ने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल इस शर्मनाक कृत्य को करने वाले तीन नशेड़ी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बताया जा रहा है कि नशेड़ियों की इस शर्मनाक हरकत का विडियो सोशल साइट्स पर वायरल होने के बाद इसकी जानकारी पुलिस को हिन्दू संगठन के तन्नू शर्मा ने देते आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस को आक्रोशित बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ने की चेतावनी दी थी। पुलिस ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपियों के नाम अर्पित चौहान, राजा दुबे और कमल अहिरवार है। पकड़ाएं जाने के बाद तीनों नशेड़ी युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कान पकड़कर माफी मांगी और कहा कि वे नशे की हालत में थे और भविष्य में ऐसी गलती नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो वे इसके लिए क्षमा चाहते हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।