रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। घटना के दौरान कार में सवार लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बीच सड़क कार में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार रिंग रोड स्थित अग्रसेन चौक के पास चल रही सुमो ग्रैंड कार में अचानक आग भड़क उठी। वाहन में सवार सभी लोग झारखंड के निवासी बताए जा रहे हैं। दमकल की टीम मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही आग ने कार को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया ताकि आवाजाही प्रभावित न हो। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस के मुताबिक वाहन झारखंड पासिंग का है और इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।