क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


ब्यावरा(ईएमएस )बीती रात को करीब 10 बजे नगर में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे-46 के फोरलेन पर अरन्या चौकी के पास ट्रक पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक में फंसे चालक और क्लीनर को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने चालक आकाश पिता कुंवर (25), निवासी बदरवारा, मथुरा (उत्तर प्रदेश) को मृत घोषित कर दिया। उसका सहायक नेनसिंह (40) गंभीर रूप से घायल है, जिसका सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित ट्रक लगभग 40 फीट तक लहराते हुए सड़क किनारे खड़ी एक कार को टक्कर मारकर घसीटता रहा और फिर पलट गया। कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस के अनुसार, ट्रक में फसल की दवाइयों सहित अन्य सामान भरा हुआ था और वह इंदौर से गाजियाबाद जा रहा था। बताया गया है कि ट्रक में सवार दोनों व्यक्ति काका-भतीजा थे, जिनमें 25 वर्षीय भतीजा ट्रक चला रहा था। एसआई कर्मवीर सिंह ने बताया कि ट्रक अनियंत्रित होकर पलटने से चालक और क्लीनर केबिन में फंस गए थे। चालक की मौत हो गई है, जबकि घायल का इलाज जारी है। सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसों के कारणों की जांच शुरू कर दी है। -निखिल कुमार (राजगढ़)9/2/2026