क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


- ओपीडी व इमरजेंसी सेवाएं परखी जा रहीं गुना (ईएमएस) जिला अस्पताल परिसर में निर्मित नई क्रिटिकल केयर यूनिट और नवीन ओपीडी भवन में सोमवार से ट्रायल रन शुरू कर दिया गया। आज सुबह से ही डॉक्टरों और स्टाफ ने नई बिल्डिंग में बैठकर कामकाज शुरू किया, ताकि व्यवस्थाओं का वास्तविक आकलन किया जा सके और औपचारिक रूप से संचालन शुरू होने से पहले कमियों को दूर किया जा सके। ट्रायल के तहत भवन के एक हिस्से में ओपीडी सेवाएं चालू की गईं, जबकि दूसरे हिस्से में केजुअल्टी और इमरजेंसी व्यवस्था रखी गई है। सुबह से ही आवश्यक उपकरण, फर्नीचर और उपचार से संबंधित सामग्री को व्यवस्थित ढंग से शिफ्ट कर संबंधित कक्षों में स्थापित किया गया। अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य है कि नई व्यवस्था में मरीजों की आवाजाही, रजिस्ट्रेशन, उपचार और भर्ती की प्रक्रिया कितनी सुचारू रहती है, इसका व्यावहारिक परीक्षण किया जा सके। सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर ने बताया कि नवीन ओपीडी को आज ट्रायल आधार पर चालू किया गया है और पूरा स्टाफ यहीं कार्य कर रहा है। उनके अनुसार यह भवन क्रिटिकल इमरजेंसी ढांचे पर आधारित है, जिसमें गंभीर मरीजों के लिए त्वरित उपचार की व्यवस्था की गई है। कलेक्टर की मंशा के अनुरूप पहले चरण में ट्रायल रन कर व्यवस्थाओं को परखा जा रहा है, ताकि जो भी सुधार आवश्यक हों, उन्हें शीघ्र लागू किया जा सके। उन्होंने कहा कि नई यूनिट का मुख्य उद्देश्य गोल्डन ऑवर के दौरान आने वाले गंभीर मरीजों को तुरंत बेड और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना है, जिससे किसी भी प्रशासनिक प्रक्रिया में समय न लगे और मरीज की जान बचाने की संभावना बढ़े। मरीज की स्थिति स्थिर होने पर उसे संबंधित वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। ट्रायल अवधि में सामने आने वाली तकनीकी या व्यवस्थागत समस्याओं का बिंदुवार आकलन कर उनके समाधान की रूपरेखा तैयार की जाएगी। प्रबंधन का मानना है कि कुछ ही दिनों में सभी व्यवस्थाएं अंतिम रूप लेकर नई बिल्डिंग में नियमित रूप से ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं शुरू हो जाएंगी, जिससे जिला अस्पताल में गंभीर मरीजों के उपचार की क्षमता और सुविधाएं पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ होंगी। सीताराम नाटानी