ब्यावरा(ईएमएस) गत दिवस थाना सुठालिया पुलिस ने एक ट्रक को जब्त किया है, जिसका पिछले दो साल से नाम ट्रांसफर (नामांतरण) नहीं कराया गया था। यह कार्रवाई गाड़ी के पुराने मालिक लोकेंद्र सिंह परमार की शिकायत पर की गई है। जानकारी अनुसार लोकेंद्र सिंह ने दो साल पहले अपना ट्राला नजीराबाद के रहने वाले शेर सिंह को बेचा था। सौदा होने के बाद भी खरीदार ने गाड़ी अपने नाम नहीं करवाई। इतना ही नहीं, गाड़ी का बीमा, फिटनेस और परमिट भी अपडेट नहीं कराया गया था। लोकेंद्र सिंह को डर था कि अगर कोई हादसा होता है, तो पुरानी कागजी जानकारी के आधार पर वे कानूनी मुसीबत में फंस सकते हैं। लोकेंद्र सिंह ने दिसंबर 2025 में सुठालिया थाने में आवेदन देकर गाड़ी जब्त करने की गुहार लगाई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक टीम नजीराबाद भेजी और ट्राला (नंबर MP09HF0573) को जब्त कर थाने ले आई। सुठालिया थाने के एसआई सोमनाथ भारती ने बताया कि शिकायत के आधार पर ट्राला जब्त कर लिया गया है। अब दस्तावेजों की जांच की जा रही है और उसके हिसाब से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गाड़ी खरीदने या बेचने पर तुरंत नाम ट्रांसफर और अन्य कागजी काम पूरा कर लें ताकि भविष्य में किसी परेशानी से बच सकें। -निखिल कुमार(ब्यावरा)9/2/2026