- पेट्रोल टंकी फटने से मची अफरा-तफरी कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के सर्वमंगला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़निया में एक खड़ी बाइक में एकाएक आग लग गई। इस घटना के दौरान बाइक चालक मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में वाहन के पास ही सो रहा था। जानकारी के अनुसार वह सर्वमंगला की ओर से अपने गृहग्राम पड़निया जा रहा था। नशे की वजह से उसने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और वहीं सो गया। इसी दौरान उसकी बाइक में आग लग गई। आग कैसे लगी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग लगने के बाद पेट्रोल टंकी फटने से अफरा-तफरी मच गई। कुछ राहगीरों की नजर जलती हुई बाइक और उसके पास सो रहे चालक पर पड़ी। उन्होंने तुरंत चालक को जलती बाइक से दूर हटाया। कुछ ही देर में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर चालक के परिजनों को बुलाया गया। नशे में बेसुध चालक को किसी तरह घर पहुंचाया गया। यदि राहगीरों ने समय रहते चालक को नहीं हटाया होता, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई थी। बाइक धू-धू कर जलती रही, लेकिन किसी ने भी दमकल विभाग को सूचना नहीं दी। 09 फरवरी / मित्तल