क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


सूरजपुर(ईएमएस)। जिले के रामनगर स्थित मोहरा एनीकट में नहाने के दौरान दो नाबालिग छात्रों की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने और सुरक्षा कारणों से रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था की गई। दोबारा शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन में करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ टीम ने दोनों छात्रों के शव बरामद कर लिए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार शिवनंदनपुर निवासी आदिल अंसारी (12 वर्ष), पिता सेराज अंसारी, और जयनगर कुंजनगर निवासी अयान सद्दाम (15 वर्ष), पिता मोहम्मद जावेद, दोस्तों के साथ घूमने रामनगर मोहरा एनीकट गए थे। इसी दौरान दोनों नहाने के लिए डेम में उतरे और गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। बताया जा रहा है कि अयान सद्दाम कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल का कक्षा नौवीं का छात्र था, जबकि आदिल मनेंद्रगढ़ में अपने नाना-नानी के घर रहकर मदरसे में पढ़ाई करता था। वह शब-ए-बारात पर्व मनाने अपने माता-पिता के पास शिवनंदनपुर आया हुआ था। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 फरवरी 2026