इन्दौर (ईएमएस) आत्महत्या के एक सनसनीखेज मामले में पुलिसकर्मी की पत्नी ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर जान दे दी। मामला आजाद नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार पीटीसी परिसर में रहने वाले पुलिसकर्मी शैलेन्द्र जादौन की पत्नी स्नेहा जादौन उम्र चौबीस साल ने अपने क्वाटर में फांसी लगाकर जान दे दी। शैलेन्द्र पीटीसी में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं और पीटीसी में ड्यूटी लगाने का काम करता है। आज सुबह उन्होंने पत्नी को फंदे पर लटके देखा तो पुलिस को सूचना दे उसे फंदे से उतारकर एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे जहां डाक्टरों ने प्रारंभिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पीटीसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि मूलतः मुरैना के रहने वाले हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र के भाई सत्येन्द्र भी संयोगितागंज थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर पदस्थ है। पुलिस को मौके से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई में ले लिया है। आनंद पुरोहित/ 09 फरवरी 2026