क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


गरियाबंद। जिले में स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम पीएम श्री स्कूल के छात्रों ने प्राचार्य को हटाने की मांग को लेकर कलेक्टोरेट का घेराव कर दिया। निलंबन के बाद भी प्राचार्य वंदना पाण्डेय को उसी स्कूल में पदस्थ किए जाने से नाराज करीब 400 छात्र हाथों में ‘प्राचार्य हटाओ’ की तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। छात्रों से बातचीत करने पहुंचे एडीएम पंकज डहारे को विद्यार्थियों ने हस्तलिखित ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्राचार्य पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है, एडमिशन के लिए अधिक पैसे लिए जाते हैं, प्रैक्टिकल में नंबर काटे जाते हैं और अनावश्यक बैठकों के कारण पढ़ाई प्रभावित होती है।एडीएम डहारे ने छात्रों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दो-तीन दिनों में उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी ने समय पर प्रशासन को स्थिति से अवगत नहीं कराया, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई। बताया जा रहा है कि 17 अक्टूबर 2025 को मंत्रालय के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्राचार्य वंदना पाण्डेय को निलंबित किया था। 31 जनवरी 2025 को शिक्षा सचिव के औचक निरीक्षण में पीएम श्री स्कूल में कई अनियमितताएं सामने आई थीं, जिसकी जिम्मेदारी प्राचार्य पर तय की गई थी। हालांकि बाद में प्रशासनिक आवश्यकता का हवाला देकर 29 जनवरी को उन्हें बहाल कर दिया गया, जबकि नियमों के मुताबिक निलंबित संस्थान में उसी पद पर पुनः पदस्थापना नहीं की जाती। प्राचार्य की बहाली के बाद स्कूल का माहौल बिगड़ने की बात सामने आई है। 5 फरवरी को स्कूल के 28 कर्मचारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर को ज्ञापन देकर प्राचार्य का अन्यत्र तबादला करने की मांग की थी। सुनवाई नहीं होने पर आखिरकार छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बहाली का आदेश फिलहाल खारिज कर दिया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 फरवरी 2026