क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले के बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित 28वें निशुल्क विशाल स्वास्थ्य शिविर में कुल 2349 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 1048 महिलाएं, 1011 पुरुष और 290 बच्चे शामिल रहे। शिविर में सभी मरीजों की मुफ्त जांच के साथ आवश्यक दवाइयों का भी निशुल्क वितरण किया गया। ट्रस्ट के संस्थापक पूज्यपाद बाबा प्रियदर्शी राम के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों में मानव कल्याण के उद्देश्य से इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार को आश्रम परिसर में पूज्य अघोरेश्वर के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में छत्तीसगढ़ के विभिन्न ग्रामीण इलाकों के अलावा ओडिशा, झारखंड और बिहार से आए मरीजों ने भी उपचार कराया। सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक पंजीयन किया गया, जिसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पैथोलॉजी जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों का उपचार और दवा संबंधी परामर्श दिया। रायगढ़ और बिलासपुर के दवा विक्रेता एवं दवा प्रतिनिधि संघ की टीम ने मरीजों को मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में पैथोलॉजी जांच की समुचित व्यवस्था भी रही। इस स्वास्थ्य शिविर में हृदय रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, अस्थि रोग, नेत्र, ईएनटी, दंत, चर्म, थायरॉयड-कैंसर, जनरल सर्जरी, फिजियोथेरेपी और जनरल मेडिसिन सहित विभिन्न विभागों के 50 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 फरवरी 2026