रायगढ़(ईएमएस)। जिले के लैलूंगा क्षेत्र में गौवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें 8 गौवंशों को क्रूरतापूर्वक पैदल हांकते हुए ओडिशा की ओर ले जाते समय रंगे हाथ पकड़ा। जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग कुंजारा क्षेत्र से गौवंशों को मारते-पीटते हुए ओडिशा की तरफ ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस ने अटल चौक के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर तीन व्यक्तियों को गौवंशों के साथ पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मायाराम नागवंशी (45), सोहन यादव (47) और विद्याधर नागवंशी (36) निवासी थाना बागबहार, जिला जशपुर बताए। पुलिस ने उनसे गौवंश परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन आरोपी कोई भी कागजात नहीं दिखा सके। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ गौवंश तस्करी से संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 फरवरी 2026