क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


- योजनाओं में पारदर्शिता पर जोर जशपुर(ईएमएस)। जिले में सुशासन और पारदर्शिता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस और आवास दिवस का संयुक्त आयोजन किया गया। इस पहल से ग्रामीणों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को सीधे पंचायत स्तर तक पहुंचाने में मदद मिली। इस आयोजन की खास बात तकनीक का इस्तेमाल रहा। पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर ग्रामीण अब अपने मोबाइल पर मनरेगा के स्वीकृत कार्यों और उनकी प्रगति की जानकारी आसानी से देख पा रहे हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को तकनीक का उपयोग कर पारदर्शिता और भरोसे को मजबूत करने की अपील की। कार्यक्रम में महात्मा गांधी नरेगा के स्थान पर लागू नई योजना ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ (जी-राम-जी) पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके तहत ग्रामीण परिवारों को साल में 125 दिनों का सुनिश्चित रोजगार देने, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और मोबाइल आधारित निगरानी से हाजिरी व भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही जल संरक्षण और जल संबंधी कार्यों को प्राथमिकता देने तथा ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। ‘आवास दिवस’ के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा की गई। जिन हितग्राहियों के मकान निर्माणाधीन हैं, उन्हें समय-सीमा में काम पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया। आवास मित्रों और पंचायत सचिवों को निर्माण गुणवत्ता बनाए रखने और किस्तों के समय पर भुगतान में हितग्राहियों की सहायता करने के निर्देश दिए गए। हर माह की 7 तारीख को आयोजित होने वाला यह दिवस जशपुर में सुशासन का प्रतीक बनता जा रहा है। कार्यक्रम में मनरेगा श्रमिक, आवास हितग्राही, सरपंच, पंच, सचिव, रोजगार सहायक और जनपद स्तर के अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से बिचौलियों की भूमिका कम हो रही है और योजनाओं का लाभ सीधे उन्हें मिल रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 फरवरी 2026