व्यापार
09-Feb-2026


- निवेश की न्यूनतम राशि 1,000 रुपए और अधिकतम 30 लाख रुपए नई दिल्ली (ईएमएस)। हर व्यक्ति अपनी कमाई का कुछ हिस्सा सुरक्षित और लाभकारी निवेश में लगाना चाहता है। पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाएं इस दृष्टि से खास हैं। इनमें से सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम (एससीएसएस) रिटायर हुए व्यक्तियों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई है, जो रिटायरमेंट के बाद नियमित आय सुनिश्चित करती है। इस योजना में निवेश के लिए पात्रता आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है। वहीं वीआरएस लेने वाले कर्मचारी 55 से 60 वर्ष के बीच निवेश कर सकते हैं और डिफेंस सेवा से रिटायर हुए 50–60 वर्ष के लोग भी इसका लाभ उठा सकते हैं। निवेश की न्यूनतम राशि 1,000 रुपए और अधिकतम 30 लाख रुपए है। सरकार इस योजना पर 8.2 फीसदी की आकर्षक ब्याज दर देती है, जो सामान्य बैंक एफडी से अधिक है। निवेश पर ब्याज तिमाही आधार पर दिया जाता है। उदाहरण के लिए 25 लाख रुपए निवेश पर तिमाही ब्याज 51,250 मिलेगा, यानी सालाना 2,05,000 रुपए और मासिक लगभग 17,083 रुपए। इस योजना का मैच्योरिटी पीरियड 5 साल का है। इस दौरान ब्याज नियमित मिलता रहता है और मैच्योरिटी पर मूल राशि वापस मिलती है। इसके अलावा निवेश पर आयकर की धारा 80सी के तहत 1.5 लाख रुपए तक टैक्स छूट भी मिलती है, जिससे निवेश और अधिक लाभकारी बन जाता है। यह योजना सरकार द्वारा समर्थित होने के कारण पूरी तरह सुरक्षित है। मृत्यु की स्थिति में नॉमिनी को पूरी राशि दी जाती है। इस तरह, पोस्ट ऑफिस एससीएसएस योजना रिटायरमेंट के बाद वित्तीय स्थिरता और भरोसेमंद मासिक आय का सुनिश्चित साधन है। सतीश मोरे/09फरवरी ---