क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर हुए चक्काजाम मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विधायक व्यास कश्यप सहित 12 आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किया। हालांकि मामला जमानती होने के कारण सभी को मुचलके पर रिहा कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यह मामला 30 जून 2024 का है, जब जर्वे-पीथमपुर रोड की खराब हालत सुधारने की मांग को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने करीब छह घंटे तक जांजगीर-चांपा मार्ग जाम कर दिया था। इस दौरान एक एम्बुलेंस के भी जाम में फंसने और अस्पताल पहुंचने में देरी होने का आरोप लगा था। एम्बुलेंस चालक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया था। चालक ने बताया था कि 30 जून को शाम करीब 4 बजे वह मरीज को अस्पताल ले जा रहा था, लेकिन खोखसा ओवरब्रिज के पास जाम के कारण समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सका। गिरफ्तारी को लेकर विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि वे किसी भी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने जांजगीर-पीथमपुर सड़क, नैला ओवरब्रिज समेत कई लंबित सड़क परियोजनाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ये मामले अब भी मंत्रालय में लंबित हैं।