क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


- विशेष कैंप लगाकर की जाए समग्र ईकेवाईसी, नागरिकों को दिलाया जाए योजनाओं का लाभ - नरवाई जलाने की घटनाओं पर लगाई जाए प्रभावी रोक - समयसीमा में प्रकरणों का निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों पर लगाई जाएगी पेनाल्टी कलेक्टर की अध्यक्षता में टीएल बैठक आयोजित सीहोर (ईएमएस)। कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों के समय-सीमा वाले प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और समय सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर बालागुरू के. ने कुबेरेश्वर धाम में आयोजित होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव के लिए जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें 11 फरवरी को ब्रिफिंग के लिए अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी गंभीरता एवं सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि आयोजन का सुचारू एवं सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्टर बालागुरू के. ने संकल्प से समाधान अभियान के तहत 15 फरवरी से क्लस्टर लेवल पर आयोजित होने वाले शिविरों के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों के प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने जिले में संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान में गति लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री श्रम मानधन योजना का लाभ सभी पात्र श्रमिकों तक पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कराते हुए योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए, ताकि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा मिल सके। कलेक्टर बालागुरू के. ने सभी जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देशित किया कि समग्र ई-केवाईसी, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्ड निर्माण तथा प्रसूता महिलाओं को डीबीटी लाभ प्रदान करने हेतु ई-केवाईसी के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है। उन्होंने सभी विभागों के जिला अधिकारियों को आवंटित बजट का समुचित एवं समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शासकीय योजनाओं का लाभ निर्धारित अवधि में हितग्राहियों तक पहुँचाया जा सके। कलेक्टर बालागुरू के. ने भावांतर भुगतान योजना के तहत सोयाबीन विक्रेता किसानों के जिन प्रकरणों में ई-पेमेंट फेल हुए हैं, उनका शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी रबी सीजन के लिए सभी किसानों का पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने बताया कि सरसों एवं उड़द फसलों को भी भावांतर योजना में शामिल किया गया है, इसे ध्यान में रखते हुए संबंधित राजस्व अधिकारियों को इन फसलों की गिरदावरी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने उद्यानिकी फसलों को भी गिरदावरी में शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, रविंद्र परमार, जमील खान, एसडीएम नितिन टाले, तन्मय वर्मा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। विमल जैन/ 9 फरवरी /2026