क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। शहर के बाला साहब देशपांडे पार्क स्थित तालाब के गहरीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए नगरपालिका द्वारा भेजे गए करीब 1 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलने की संभावना है। विभागीय जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रस्ताव की स्वीकृति के निर्देश दे दिए हैं, जिससे जल्द ही नगरपालिका को औपचारिक शासकीय मंजूरी मिल सकती है। तालाब के सौंदर्यीकरण से शहर के बालोद्यान की खूबसूरती और बढ़ने की उम्मीद है। वर्तमान में गर्मी के मौसम में तालाब अक्सर सूख जाता है, जिससे इसकी उपयोगिता प्रभावित होती है। प्रस्ताव के तहत गहरीकरण और सौंदर्यीकरण से जल संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन में भी मदद मिलने की संभावना है। तालाब के चारों ओर बना पाथवे पहले से ही स्थानीय लोगों के लिए इवनिंग वॉक का पसंदीदा स्थान है। सौंदर्यीकरण के बाद यहां नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ शहर को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।