क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के भानुप्रतापपुर-दल्लीराजहरा मार्ग पर भैंसाकन्हार मोड़ के पास ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक और दोनों युवक करीब 50 मीटर तक ट्रक के साथ घसीटते चले गए, जिससे उनके शव क्षत-विक्षत हो गए। जानकारी के अनुसार आयरन ओर लोड कर भानुप्रतापपुर से दल्लीराजहरा की ओर जा रहा ट्रक (क्रमांक CG 07 BF 5400) जैसे ही भैंसाकन्हार स्थित जाली पुलिया के पास पहुंचा, सामने से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर में बाइक चला रहे कपिल सलाम (21 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे रितेश बढ़ई (22 वर्ष) ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए, जिससे कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह कुचल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और दोनों युवक करीब 50 मीटर तक घसीटते रहे। रितेश बढ़ई की सांसें चल रही थीं, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि कपिल सलाम आमापारा साल्हे का निवासी था, जबकि रितेश बढ़ई टेकाडोडा आवास पारा का रहने वाला था। दोनों युवक माइंस में कार्यरत थे और भानुप्रतापपुर बाजार पैसे निकालने जा रहे थे। पुलिस ने ट्रक चालक धीरज कुमार टांडिया (निवासी भानुप्रतापपुर) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)09 फरवरी 2026