राज्य
09-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। शादी का सीजन शुरू हो चुका है और राजधानी में लगातार मांग बढ़ती जा रही है। शुभ मुहूर्त, छुट्टी और वीकेंड के मेल ने इस तारीख को शादी के बाजार का सुपरहिट दिन बना दिया है। दिल्ली-एनसीआर में वैलेंटाइन डे शादियों के लिहाज से अब तक का सबसे व्यस्त दिन बनने जा रहा है। 14 फरवरी को इस बार सिर्फ गुलाब और चॉकलेट ही नहीं, बल्कि शहनाइयों की गूंज भी सुनाई देगी। शुभ मुहूर्त, छुट्टी और वीकेंड के मेल ने इस तारीख को शादी के बाजार का सुपरहिट दिन बना दिया है। यही वजह है कि वेन्यू से लेकर मेकअप आर्टिस्ट तक फुल बुक नजर आ रहे हैं। शादी का सीजन 4 फरवरी से शुरू हो चुका है और राजधानी में लगातार मांग बढ़ती जा रही है। 12, 14, 19, 20 और 21 फरवरी को सबसे ज्यादा विवाह समारोह तय किए गए हैं। खासतौर पर 14 फरवरी को कपल्स ने प्यार के दिन को शादी के बंधन में बदलने का फैसला किया है। 14 फरवरी को दिल्ली के ज्यादातर बैंक्वेट हॉल दो शिफ्टों में बुक हैं। आयोजकों के अनुसार सामान्य दिनों में जहां 25 से 26 हजार शादियों का आयोजन होता है, वहीं बड़े मुहूर्त पर यह संख्या 30 हजार के पार पहुंच जाती है। इस बार वैलेंटाइन डे पर यह आंकड़ा और भी ऊंचा रहने की उम्मीद है। दिल्ली कम्युनिटी वेल्फेयर बैंक्वेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश डेंग के मुताबिक मुहूर्त और अवकाश के कारण इस दिन व्यवस्थाएं संभालना आसान नहीं होगा। मेहमानों की संख्या, पार्किंग और समय प्रबंधन को लेकर आयोजकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है। भारी बुकिंग को देखते हुए बैंक्वेट हॉलों ने करीब 20 प्रतिशत अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया है। कर्मचारियों को ओवरटाइम दिया जा रहा है ताकि किसी भी आयोजन में कमी न रह जाए। यह सीजन होटल, कैटरिंग और इवेंट इंडस्ट्री के लिए अच्छी कमाई लेकर आया है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/09/फरवरी/2026