नेशनल कॉन्फ्रेंस में जजों ने बेवजह मुकदमे दायर करने पर जताई चिंता भोपाल,(ईएमएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी में आयोजित नेशनल कॉन्फ्रेंस में सभी हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों ने केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा बेवजह मुकदमे दायर करने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अदालतों में बढ़ते लंबित मामलों की सबसे बड़ी वजह सरकारी मामले हैं। सुप्रीम कोर्ट और सभी हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के बीच इस बात पर चर्चा हुई कि सरकारों को वैकल्पिक विवाद समाधान के तरीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। सरकार की ओर से केस दायर किए जाने पर अब जज ही उन्हें यह कहें कि पहले आपसी समझौते से समाधान के विकल्प तलाशें, उसके बाद ही कोर्ट का रुख करें। इसके साथ ही सरकारी पक्ष को यह भी कहा जाएगा कि सालों तक अदालतों में केस लड़ने से होने वाले नुकसान के बजाय सरकारें मामूली नुकसान स्वीकार कर तुरंत समाधान की दिशा में आगे बढ़ें। आपराधिक मामलों में लंबित केसों का बोझ कम करने के लिए यह रणनीति भी तय की गई कि सात साल तक की सजा वाले मामलों को सुनवाई में प्राथमिकता दी जाएगी। बता दें एकीकृत-प्रभावी और जनकेंद्रीत न्यायपालिका पर आधारित कॉन्फ्रेंस का समापन रविवार को हुआ। सिराज/ईएमएस 09फरवरी26 -----------------------------------