राज्य
09-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली सहित उत्तर भारत में मौसम मिला-जुला है। दिल्ली में धूप और सर्द हवाओं के बीच सुबह-शाम ठंड रहेगी। यूपी और बिहार में कोहरे का अलर्ट है, जबकि राजस्थान में तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास शुरू हो गया है। वहीं, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश की संभावना है। राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस समय मौसम के दो रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां दिन में चटक धूप खिली रहने से लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है, वहीं पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने सुबह और शाम की ठिठुरन बरकरार रखी है। दिल्ली में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध छाई रह सकती है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकलेगी, जिससे सर्दी का असर कम होगा। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आगामी 7 दिनों की बात करें तो दिल्ली में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर दिल्ली पर नहीं दिखेगा, जिससे शीतलहर या घने कोहरे की संभावना कम है। तापमान में 1-2 डिग्री का उतार-चढ़ाव बना रहेगा। यूपी में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। 10 फरवरी को प्रदेश के तराई क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। गोरखपुर, बरेली, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में घने कोहरे को लेकर ओरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, आजमगढ़, मऊ और बाराबंकी जैसे जिलों में मध्यम कोहरा रहेगा। इसके अलावा नोएडा में सुबह धुंध रहेगी लेकिन दिन में मौसम साफ रहेगा। लखनऊ में धूप तीखी होने के आसार हैं, यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक जा सकता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/09/फरवरी/2026