पटना, (ईएमएस)। सोमवार सुबह पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में मेदांता अस्पताल के सामने वर्षों से जमे अतिक्रमणकारियों को हटाने जब नगर निगम प्रशासन और पुलिस की टीम कार्रवाई करने पहुंची तब अतिक्रमणकारियों ने उन पर हमला बोल दिया, सड़क पर उनकी जमकर पिटाई की गई। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इतना ही नहीं अतिक्रमणकारियों ने विरोध स्वरूप सड़क पर उतरकर सड़कों को जाम कर दिया और सरकार विरोधी नारे लगाने शुरू कर दिए। उन्होंने आगजनी भी की और प्रशासनिक टीम को धमकाया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों तथा स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया। पुलिस ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का उद्देश्य सालों से अवैध कब्जे में चल रहे दुकानों और निर्माणों को हटाना था। लेकिन अतिक्रमणकारियों ने पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों पर हमला कर दिया, जिससे कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं के कारण पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। प्रशासन ने चेतावनी जारी की कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह से जारी रहेगी और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि कंकड़बाग क्षेत्र में इससे पहले भी कई बार अतिक्रमण हटाने की कोशिशें की गई थीं, लेकिन स्थानीय विरोध और धमकियों के कारण कार्रवाई बाधित रहती थी। सोमवार की घटना को लेकर पुलिस ने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। संतोष झा- ०९ फरवरी/२०२६/ईएमएस