क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) | कलेक्टर लोकेश जांगिड़ की अध्यक्षता में बाल श्रम जिला टास्क फोर्स एवं बंधक श्रम जिला सतर्कता समिति की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार, मुरैना में किया गया। बैठक में बंधक श्रम उन्मूलन अधिनियम, 1976 के अंतर्गत जिले में की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की गई तथा विमुक्त श्रमिकों के पुनर्वास की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने बाल श्रम एवं बंधक श्रम के प्रभावी उन्मूलन हेतु संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही बाल श्रम की रोकथाम एवं जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से समय-समय पर जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम एवं बंधक श्रम का उन्मूलन प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि बंधक श्रम एवं बाल श्रम के उन्मूलन के लिए कानूनों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा विमुक्त श्रमिकों के पुनर्वास से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, प्रभारी सहायक श्रमायुक्त सुश्री नम्रता सोनी, श्रम निरीक्षक मुरैना राहुल शुक्ला, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती पूनम डंडतिया, विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) से जय सिंह राजपूत सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।