क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


दमोह /तेंदूखेड़ा (ईएमएस)। श्री गायत्री शक्तिपीठ के वरिष्ठ परिजन एवं नगर के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व की 50वीं वैवाहिक वर्षगांठ के शुभ अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में भव्य पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन श्रद्धा एवं आस्था के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर शोभाराम नामदेव एवं उनकी धर्मपत्नी के दांपत्य जीवन के स्वर्णिम पचास वर्ष पूर्ण होने पर परिजनों, इष्ट मित्रों एवं गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा हर्ष व्यक्त किया गया। महायज्ञ का आयोजन वैदिक मंत्रोच्चार, आहुतियों एवं सामूहिक प्रार्थनाओं के साथ संपन्न हुआ, जिसमें वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक और भक्तिमय बना रहा। महायज्ञ के दौरान उपस्थित परिजनों एवं श्रद्धालुओं ने दंपति के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में संपूर्ण नामदेव परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही, वहीं नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, वरिष्ठजनों तथा गायत्री परिवार के सक्रिय परिजन बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ के ट्रस्टीजनों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने श्री नामदेव के सामाजिक, पत्रकारिता एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में किए गए योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रदान कीं। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके संस्कार, सेवा भाव एवं समर्पण से युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन मिलता है।कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण एवं आपसी मंगलकामनाओं के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन श्रद्धा, सौहार्द एवं पारिवारिक आत्मीयता का अनुपम उदाहरण बना। ईएमएस, 9 फरवरी 2026