* उरगा-पत्थलगांव सड़क मार्ग पर सड़क पार करते समय हुआ हादसा * वाहन चालक फरार * ग्रामीणों ने की ओवरब्रिज की मांग कोरबा (ईएमएस) जानकारी के अनुसार कोरबा-चांपा मार्ग अंतर्गत उरगा-पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक जंगली भालू की वाहन की जोरदार टक्कर से मृत्यु हो गई। यह घटना ग्राम सरदुकला के पास घटित होना बताया जा रहा हैं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार ग्राम सरदुकला के पास भालू सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक भारी वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। * पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार सूचना मिलते ही रेंजर मृत्युंजय शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम और पशु चिकित्सक डॉ. अंकित शुक्ला मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सक ने जांच के बाद भालू को मृत घोषित कर दिया। भालू के शव को कोसाबाड़ी डिपो लाया गया, जहां डीएफओ प्रेमलता यादव और एसडीओ एस.के. सोनी की उपस्थिति में पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत राजमार्ग और धरमजयगढ़ रेलवे लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। इस वजह से क्षेत्र में वन्यजीवों से संबंधित दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने सड़क के दोनों ओर प्रकाश की उचित व्यवस्था करने और वन्यजीवों के लिए सड़क पार करने के लिए ओवरब्रिज या अंडरब्रिज के निर्माण की मांग की है। 09 फरवरी / मित्तल