राज्य
09-Feb-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल चिकित्सा शिक्षा और जनहितकारी स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करते हुए विद्यार्थियों को शोध और नवाचार के लिए प्रेरित कर रहा है। इसी क्रम में एम्स भोपाल के नर्सिंग कॉलेज द्वारा शैक्षणिक पाठ्यक्रम के अंतर्गत शोध पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का आयोजन चतुर्थ वर्ष बी.एससी. (ऑनर्स) नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य शोध अभिरुचि, समालोचनात्मक सोच तथा साक्ष्य-आधारित नर्सिंग अभ्यास को प्रोत्साहित करना था। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य और समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर पोस्टर प्रस्तुत किए। इनमें ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए देखभाल मॉड्यूल, वीडियो आधारित खेलों के माध्यम से सड़क सुरक्षा जागरूकता, उपचार के दौरान होने वाला आर्थिक दबाव, रोगियों और उनके परिवारों की पीड़ा, गर्भावस्था के दौरान पुरुष साथी की भूमिका, मुख कैंसर में दर्द और निगलने में कठिनाई जैसी समस्याएँ, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम (POSH Act) की समझ, हीमोडायलिसिस रोगियों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ तथा एचपीवी टीकाकरण को लेकर अभिभावकों की धारणा जैसे विषय शामिल थे। इन विषयों के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने और बेहतर देखभाल की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपने शोध विचार प्रस्तुत करने तथा संकाय सदस्यों के साथ संवाद स्थापित कर रचनात्मक सुझाव और प्रोत्साहन प्राप्त करने का शैक्षणिक मंच प्रदान किया। प्रदर्शनी को उसकी प्रासंगिकता और शैक्षणिक महत्त्व के लिए सराहा गया तथा इसने विद्यार्थियों को शोध-उन्मुख नर्सिंग अभ्यास के प्रति प्रेरित किया। डॉ. ममता वर्मा (प्रभारी प्राचार्य, नर्सिंग कॉलेज) के मार्गदर्शन में तथा कुमारासामी एपी (सहायक प्राध्यापक) और डॉ. गीता भारद्वाज (सहायक प्राध्यापक) के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। हरि प्रसाद पाल / 09 फरवरी, 2026