क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में हुई हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शख्स पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी के दोस्त की डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। मरने वाले रवि हैं। गोकुलपुरी पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सूत्र के मुताबिक, मामले में महिला की शिकायत पर ही उसके पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 35 वर्षीय महिला मूल रूप से बलिया, उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। करीब 10 महीने पहले जब उसका पति गौरी शंकर यादव बीमार होकर अस्पताल में भर्ती था, तो उसकी मुलाकात रवि से हुई थी। रवि ने मुश्किल समय में महिला की काफी मदद की, जिससे दोनों के बीच दोस्ती हो गई। इस बीच महिला का पति काम के सिलसिले में सूरत चला गया था, लेकिन दो महीने बाद ही उसने वहां से पैसे भेजने बंद कर दिए। आर्थिक तंगी के कारण महिला ने रवि की मदद से गोकुलपुरी में परांठे की रेहड़ी लगानी शुरू की। करीब एक महीने पहले रवि ने उसे किराए का कमरा भी दिलवाया, जहां वह अपने बच्चों और रवि के साथ रहने लगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/09/फरवरी/2026