क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


मंडला (ईएमएस)। मंडला जिले में नेशनल हाईवे पर रविवार को एक सड़क हादसे में 22 साल के युवक की जान चली गई। यह दुर्घटना वेलवेदर स्कूल के पास हुई, जहां एक वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। ग्राम सागर का रहने वाला विशाल झारिया अपनी बाइक से जबलपुर मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि विशाल बुरी तरह घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विशाल को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को मरचुरी में रखा गया है, जिसका सोमवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास के सुरागों के जरिए आरोपी वाहन की पहचान की जा रही है।