- गोकशी मामले के आरोपी सहित सहयोगियो पर एनएसए लगाने की मांग - पूरे मामले की सीबीआई से जॉच कराने की भी मांग भोपाल(ईएमएस)। राजधानी में सामने आए गौकशी को लेकर फैला आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में हिंदू उत्सव समिति ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम भोपाल पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मुख्य आरोपी असलम कुरैशी सहित पूरे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की मांग के साथ ही जेल में बंद आरोपी असलम कुरैशी और उसके सहयोगियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई किये जाने की मांग की गई है। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी जाने की मांग भी गई है, जिससे पूरे संगठित के अपराध से जुड़े सभी आरोपियो पर कार्यवाही की जा सकें। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि स्लॉटर हाउस बंद होने के बावजूद अवैध कटान और गौ-तस्करी की घटनाएं जारी हैं। उनका कहना है, कि सीबीआई जांच से पूरे मामले में शामिल अधिकारी, कर्मचारी और अन्य सहयोगी बेनकाब होंगे और सच्चाई सामने आएगी। समिति ने स्पष्ट किया कि यह ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को स्पीड पोस्ट के जरिए भी भेजा जाएगा। समिति का दावा है, कि इस मामले में असलम कुरैशी को मुख्य आरोपी बताया गया है। समिति के अनुसार यह प्रकरण किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि एक अंतरराज्यीय संगठित नेटवर्क की ओर संकेत करता है। राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईट) को लेकर भी समिति ने असंतोष जताया। ज्ञापन में कहा गया कि एसआईटी के गठन के बावजूद अब तक कोई ठोस रिपोर्ट या निर्णायक कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे आम जनता में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। जुनेद / 9 फरवरी