क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के जहांगीराबाद थाना इलाके में दो शातिरो ने एक महिला को रास्ते में रोककर अपने जाल में उलझाते हुए उसे एक लाख रुपए बताते हुए नकली नोटों की गड्डी थमाई। इसके बाद वे झोले में रखने के बहाने उनका मंगलसूत्र, कान के टॉप्स और चांदी के चेन लेकर नौ दो ग्यारह हो गए। बाद में अपने साथ हुई ठगी की जानकारी लगने पर इसकी शिकायत पुलिस से की गई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियो के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर हुलिये के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार बरखेड़ी इलाके में रहेन वाली 55 वर्षीय केशरीबाई आंगनबाड़ी में सहायिका काम करती हैं। अपनी शिकायत में उन्होनें बताया की बीती 6 फरवरी को वे पासबुक की एंट्री कराने के लिए न्यू मार्केट स्थित पीएनबी गई थीं। वहां से लौटते समय वे एक्सटॉल कॉलेज के पास बस से उतरकर पैदल घर जाने लगीं। रशीदिया स्कूल रोड पर रास्ते में उन्हें दो युवक मिले। युवकों ने कहा कि वह आप थक गई होगी थोड़ी देर बैठ जाओ हम आपको पानी पिलाते हैं। युवकों की बातों में आकर वे एक मकान के सामने चबूतरे पर बैठ गई। इस दौरान युवकों ने नोटों की गड्डी देते हुए कहा कि हम शहर में नये है, और हमारे पास एक लाख रुपए नोटों की गड्डी है, यहॉ अपराधियो का डर है, इसलिये आप इसे अपने थैले में संभाल कर रख लो हम आपके लिए नाश्ता लेकर आते हैं। इतना ही नहीं आरोपियो ने उनसे कहा की वह भी अपने गहने थेले में रख दे। शतिरो की बातों में आकर महिला ने अपना मंगलसूत्र, कॉन के टॉप्स तथा चांदी की चेन उतारकर युवक को दे दी। युवक ने एक कपड़े में बांधकर जेवर थैले में रखने की बात कही। इसके बाद दोनों युवक नाश्ता लेने चले गए। काफी देर तक जब वे नहीं लौटे तो महिला ने थैले को चैक किया। उन्होंने देखा कि कपड़े में जेवर की जगह कंकड़-पत्थर बंधे हुए थे, और नोटों की गड्डी में नोट के बजाए कागज के टुकडे थे। महिला फौरन ही घर पहुंची और परिवार वालो को सारी बात बताई। इसके बाद थाने जाकर शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। जुनेद / 9 फरवरी