क्षेत्रीय
09-Feb-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग द्वारा संयुक्त रूप से की गई सख्त कार्यवाही के अंतर्गत ग्राम सोठी, जिला गुना निवासी हरनाम पिता प्रथी सहरिया (40) उनकी पत्नी उर्मिला पति हरनाम (30) तथा उनके चार बच्चों जिनमें एक 7 वर्षीय बालक एवं तीन बालिकाएं शामिल को बंधक श्रमिक की स्थिति से विमुक्त कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त परिवार विगत लगभग 8 माह से गिर्राज उर्फ हुजूर राजपूत (53) निवासी ग्राम आचकलपुर, तहसील राघोगढ़, जिला गुना के यहां बंधक श्रम की स्थिति में रहकर कार्य करने को विवश था। इस गंभीर प्रकरण की शिकायत अमीन खान, अधिवक्ता, उच्च न्यायालय, ग्वालियर खंडपीठ द्वारा की गई थी। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा तत्काल कार्यवाही की गई। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिला श्रम अधिकारी आशीष तिवारी के नेतृत्व में श्रम विभाग एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा संयुक्त छापामार कार्यवाही कर पीडि़त परिवार को सुरक्षित रूप से विमुक्त कराया गया। कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा प्रकरण में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के निर्देश भी दिये गए हैं। साथ ही विमुक्त श्रमिक परिवार को शासन की योजनाओं के अंतर्गत आवश्यक सहायता एवं पुनर्वास उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि बंधक श्रम जैसी अमानवीय प्रथा को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। सीताराम नाटानी