राज्य
09-Feb-2026


हाथरस (ईएमएस)। जनपद के नगला सिंगी गांव में शरारती तत्वों द्वारा डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आरोप है कि प्रतिमा पर कीचड़ भी लगाया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में अंबेडकर अनुयायी मौके पर एकत्र हो गए। प्रतिमा स्थल के आसपास कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने का भी आरोप लगाया गया, जिसको लेकर मौके पर तीखी नोक-झोंक हुई और माहौल और तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर भाजपा नेता रामवीर सिंह भैयाजी और राष्ट्रीय लोकदल नेता बंटी सहित अन्य लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। हालात को देखते हुए उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर और हाथरस गेट कोतवाली निरीक्षक अरविंद राठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही स्थल की साफ-सफाई कर अतिक्रमण हटाने और शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई। समाचार लिखे जाने तक नई प्रतिमा लगाने और स्थल की साफ-सफाई का कार्य जारी था। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 09 फरवरी 2026