राज्य
10-Feb-2026


परीक्षाएं सुबह 9 से 12 बजे तक हो रही आयोजित भोपाल (ईएमएस)। कडी सुरक्षा व्यवस्था की बीच मध्य प्रदेश में 12वीं बोर्ड परीक्षा की प्रारंभ हो गई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की भीड़ नजर आई। परीक्षाएं सुबह 9 से 12 बजे तक आयोजित की जा रही हैं। प्रदेश के 3856 परीक्षा केंद्रों पर करीब 7 लाख छात्र पहला पेपर दे रहे हैं। इस साल एमपी बोर्ड की परीक्षाओं में 10वीं और 12वीं के कुल 16 लाख से अधिक छात्र शामिल हो रहे हैं। इनमें लगभग 9 लाख छात्र 10वीं और 7 लाख छात्र 12वीं के हैं। राजधानी भोपाल में 12वीं के 26 हजार से अधिक और 10वीं के 30 हजार से ज्यादा छात्र परीक्षा दे रहे हैं। इसके लिए शहर में 104 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इतने बड़े स्तर पर परीक्षा कराने के लिए शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। बोर्ड परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए इस बार सख्त व्यवस्था की गई है। हर जिले में चार-चार फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात हैं। कई परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। संवेदनशील केंद्रों की मॉनिटरिंग सीधे भोपाल स्थित बोर्ड कार्यालय से हो रही है। प्रश्न-पत्रों को थानों से परीक्षा केंद्र तक ले जाने की पूरी प्रक्रिया में वीडियोग्राफी और सुरक्षा गार्ड लगाए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो सके। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ पर भी रोक लगाई गई है। शिक्षा विभाग ने साफ निर्देश दिए हैं कि सुबह 8:30 बजे के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। छात्रों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। इनविजिलेटरों और केंद्राध्यक्षों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। सुदामा नरवरे/10 फरवरी 2026