हाथरस (ईएमएस)। राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैया का धरना कंचन नगर स्थित उनके आवास के बाहर तीसरे दिन भी जारी रहा। यह धरना यूजीसी बल और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में दिया जा रहा है। पंकज धवरैया ने यह प्रदर्शन तब शुरू किया था, जब तीन दिन पहले स्थानीय प्रशासन ने सवर्ण परिषद और अन्य सवर्ण संगठनों की हाथरस से दिल्ली तक प्रस्तावित पदयात्रा को रोक दिया था। उस दौरान संगठन के पदाधिकारियों को नजरबंद भी किया गया था। धरने में निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री भी शामिल हुए थे। वे परसों रात भर धरना स्थल पर मौजूद रहे, लेकिन बाद में चले गए। धवरैया के अनुसार अग्निहोत्री संगठन के कार्यों से गए हैं और शाम तक दोबारा धरने में शामिल होंगे। धरना स्थल पर कंचन नगर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि खुफिया तंत्र भी अलर्ट मोड पर रहा। पंकज धवरैया ने कहा कि उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन हिंदू सम्मेलनों को अनुमति दे रहा है, लेकिन उनकी पदयात्रा को रोका गया। उन्होंने घोषणा की कि यह धरना फरवरी तक चलेगा, जिसके बाद इसे आमरण अनशन में बदल दिया जाएगा। साथ ही मांग रखी कि या तो पदयात्रा की अनुमति दी जाए या फिर प्रधानमंत्री से मुलाकात कराकर यूजीसी कानून वापस लेने और एससी-एसटी एक्ट समाप्त करने की मांग रखने का अवसर दिया जाए। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 09 फरवरी 2026