राज्य
09-Feb-2026


-- निरीक्षण करते जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा हाथरस (ईएमएस)। महाशिवरात्रि पर्व और कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से कांवड़ियों के मुख्य आवागमन मार्ग सिकन्द्राराऊ–हाथरस का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान नगला रति, सलेमपुर बाईपास कट, वाहनपुर जंक्शन बाईपास, मैण्डू सहित अन्य प्रमुख स्थानों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने मार्ग पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने, सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और कांवड़ियों को जत्थों में रवाना कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्गों पर पर्याप्त पुलिस व प्रशासनिक अमला तैनात रहेगा। कांवड़ियों की सुविधा के लिए जगह-जगह कैम्प लगाए जाएंगे, जहां विद्युत, पानी और स्वल्पाहार की व्यवस्था होगी। एनएचएआई को टूटी सड़कों की मरम्मत, पैचिंग कराने, निर्माण स्थलों पर रोड सेफ्टी साइनेज लगाने और खराब स्ट्रीट लाइट तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सड़क किनारे फुटपाथ निर्माण, संकरी सड़कों को चौड़ा करने, रात्रि आवागमन के लिए रिफ्लेक्टर व बैरिकेडिंग कराने के भी निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने मुख्य चौराहों पर चौबीस घंटे पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों, कांवड़ मार्गों और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में जगह-जगह बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की सघन चेकिंग की जाएगी। प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 09 फरवरी 2026