ब्यावरा( ईएमएस) शासकीय चिकित्सालय में स्वीकृत ट्रॉमा सेंटर की स्थापना को लेकर क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री नारायण सिंह पंवार ने भोपाल में उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात की। इस दौरान ट्रॉमा सेंटर को जल्द शुरू करने और उसकी व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में ट्रॉमा सेंटर के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक आधुनिक चिकित्सा उपकरण, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी कर्मियों और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। मंत्री पंवार ने उपमुख्यमंत्री से ट्रॉमा सेंटर को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि आपात स्थिति में समय पर उपचार मिलना बेहद आवश्यक है।उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इस प्रस्ताव को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ब्यावरा में ट्रॉमा सेंटर को जल्द क्रियान्वित करने का आश्वासन भी दिया। मंत्री पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार जन-स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। ब्यावरा में ट्रॉमा सेंटर शुरू होने से आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के मरीजों को त्वरित और बेहतर इलाज मिल सकेगा। इसके साथ ही, गंभीर मरीजों को बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता भी कम होगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ट्रॉमा सेंटर की स्थापना से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और आमजन को बड़ी राहत मिली है l - निखिल कुमार (ब्यावरा)10/2/2026