क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


गुना (ईएमएस)।मध्यप्रदेश राज्य सहकारी संघ मर्यादित, भोपाल द्वारा कार्यालय विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित हस्तशिल्प प्रदर्शनी–2026 का शुभारंभ प्रताप छात्रावास, गुना में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला गुना श्री अभिषेक दुबे के रूप में उपस्थित रहे। वहीं श्री अमित सहारे, सहायक निदेशक (हस्तशिल्प), कार्यालय विकास आयुक्त हस्तशिल्प सेवा केन्द्र, ग्वालियर की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान हस्तशिल्प कारीगरों द्वारा निर्मित विविध उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें जूट बैग, जरी वर्क, एम्ब्रॉयडरी, बाँस शिल्प उत्पाद, हैदराबाद की कलमकारी, बिहार की शिल्पकला, जयपुर की लटकन मीनाकारी, दिल्ली एवं आगरा की ज्वेलरी, देहरादून का कुशिया वर्क, बैंगलोर का पेंटिंग वर्क, राजस्थान की क्ले एवं क्रोकरी, उत्तर प्रदेश का टलाश वर्क, मध्यप्रदेश की दरी, बेडशीट, बीड वर्क, तोरण आर्ट, लेदर आर्ट, खजूर शिल्प तथा बुरहानपुर की लकड़ी के खिलौने प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कन्याल ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा स्टॉलों पर संबंधित कारीगरों एवं राज्यों के नाम प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। प्रदर्शनी में प्रदर्शित हस्तशिल्प उत्पादों की आकर्षक प्रस्तुति की अतिथियों द्वारा सराहना की गई तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया गया, जिससे स्थानीय हस्तशिल्प को प्रोत्साहन मिले और आमजन पारंपरिक कला-संस्कृति से परिचित हो सके। उपायुक्त सहकारिता श्री मुकेश जैन ने आमजन से अपील की कि यह हस्तशिल्प प्रदर्शनी 16 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 02:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक प्रताप छात्रावास, मैन रोड, गुना (म.प्र.) में आयोजित रहेगी, जिसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। - सीताराम नाटानी