क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


राजगढ़ (ईएमएस) मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले की अध्यक्षता में सोमवार को समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की प्रमुख प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई। आयोजित समय सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों, आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों, सीएम मॉनिटरिंग तथा लंबित न्यायालयीन प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन के प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि लोक स्‍वास्‍थ्‍य यांत्रिकी विभाग देवेंद्र सिंह गौड़, ऊर्जा विभाग अजीत भुमरकर, सीएमओ कुरावर एवं सीएमओ खिलचीपुर द्वारा सीएम हेल्पलाइन के एल-1 स्तर पर लंबित प्रकरणों का प्रभावी निराकरण नहीं किया गया। इस पर मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्‍होंने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदाखिल एवं प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। समय सीमा बैठक में पारंपरिक खेलों के संरक्षण एवं प्रोत्साहन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। साथ ही कबड्डी एवं गिल्ली-डंडा जैसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए तथा सभी जनपद सीईओ को इनके आयोजन एवं प्रचार-प्रसार हेतु कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इसके अतिरिक्त मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने स्वच्छता ऐप के अधिकतम प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि इस ऐप के माध्यम से सफाईकर्मियों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए, जिससे स्वच्छता अभियान को नई गति मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन भी सुनिश्चित हो सक।-निखिल कुमार (राजगढ़)9/2/2026