क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र का है, जहाँ चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 60 लाख रुपये की बड़ी चोरी को अंजाम दिया है। जिस वक्त यह वारदात हुई, पीड़ित परिवार माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गया हुआ था। - प्लॉट बिक्री के 35 लाख कैश पर थी चोरों की नजर बाणगंगा के डागर मोहल्ला निवासी मनीषा और विनोद यादव ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ वैष्णो देवी यात्रा पर गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने घर के ताले तोड़े और अलमारी में रखी भारी भरकम नकदी और जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने हाल ही में रामनगर इलाके में अपना एक प्लॉट बेचा था, जिससे मिले 35 लाख रुपये नकद घर में ही रखे थे। परिवार इन पैसों से नया मकान खरीदने की योजना बना रहा था। - जेवर और नकदी समेत कुल 60 लाख का माल पार वारदात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोरों ने न केवल 35 लाख रुपये नकद चुराए, बल्कि घर में रखे करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी ले उड़े। जब परिवार यात्रा से वापस लौटा, तो घर का सामान बिखरा हुआ और तिजोरी खाली देख उनके होश उड़ गए। - पुलिस को करीबी पर शक सूचना मिलते ही बाणगंगा पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस वारदात में किसी करीबी या जानकार का हाथ हो सकता है, क्योंकि चोरों को घर में इतनी बड़ी नकदी रखे होने की सटीक जानकारी थी। पुलिस फिलहाल आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को संदेह है कि इस वारदात में किसी करीबी या जानकार व्यक्ति का हाथ हो सकता है। यह संदेह इसलिए है क्योंकि चोरों को घर में ₹35 लाख की बड़ी नकदी रखे होने की सटीक जानकारी थी, जो हाल ही में एक प्लॉट बेचने से मिली थी। वहीं पुलिस की टीमें घर के आसपास और मोहल्ले के रास्तों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। इसके अलावा ‌पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार, कुछ संदिग्धों की पहचान हुई है, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। आसपास के उन लोगों की सूची बनाई जा रही है जिन्हें पीड़ित परिवार की वैष्णो देवी यात्रा और घर में रखी नकदी के बारे में पता था। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, विशेषकर त्योहारों और छुट्टियों के समय जब लोग अक्सर अपने घरों को सूना छोड़कर बाहर जाते हैं। फिलहाल पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। आनंद पुरोहित/ 10 फरवरी 2026