ट्रेंडिंग
10-Feb-2026
...


-स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस नई दिल्ली,(ईएमएस)। बजट सत्र के दौरान मंगलवार को लोकसभा में भारी हंगामे के चलते प्रश्नकाल की कार्यवाही नहीं हो सकी। सत्र के 10वें दिन जैसे ही सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सांसदों ने राहुल गांधी को बोलने की अनुमति न दिए जाने को लेकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। नारेबाजी और हंगामे के बीच महज एक मिनट के भीतर ही पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इसके साथ ही दोपहर 12 बजे सदन दोबारा शुरू हुआ, लेकिन तब भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। विपक्षी सांसद लगातार “वी वॉन्ट जस्टिस” के नारे लगाते रहे, जिससे कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का आरोप है कि लोकसभा में उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा है और विशेष रूप से राहुल गांधी को बोलने से रोका जा रहा है। इसी बीच कांग्रेस ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का ऐलान किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, जल्द ही इस संबंध में लोकसभा सचिवालय को औपचारिक नोटिस सौंपा जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि अध्यक्ष का रवैया पक्षपातपूर्ण है और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। लोकसभा में लगातार हो रहे हंगामे को लेकर सत्तापक्ष ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया है, जबकि विपक्ष का कहना है कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और अपनी बात रखना उनका अधिकार है। राहुल गांधी को बोलने न दिए जाने को कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बता रही है। राहुल बोले पूर्व सेना प्रमुख झूठ नहीं बोल सकते सदन के बाहर राहुल गांधी ने एक अन्य मुद्दे पर भी बयान दिया। उन्होंने पुस्तक विवाद को लेकर कहा कि या तो पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल नरवणे सच नहीं बोल रहे हैं या फिर संबंधित प्रकाशन संस्थान की ओर से गलत जानकारी दी जा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि पूर्व सेना प्रमुख झूठ नहीं बोलेंगे। राहुल गांधी का यह बयान उस स्पष्टीकरण के बाद सामने आया, जिसमें कहा गया कि जनरल नरवणे की किताब अभी प्रकाशित नहीं हुई है और उसके सभी प्रकाशन अधिकार संबंधित कंपनी के पास हैं। हिदायत/ईएमएस 10फरवरी26