क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


राजगढ़(ईएमएस) स्वच्छता साथी वॉश ऑन व्हील का प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले की अध्‍यक्षता में जिला पंचायत सभागार में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले द्वारा स्वच्छता साथियों को वॉश ऑन व्हील नवाचार कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर नवपंजीकृत स्वच्छता साथियों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया तथा उन्हें स्वच्छता किट का वितरण किया गया। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता साथियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा गया कि स्वच्छता हम सभी की जिम्मेदारी है, जिसे पूर्ण ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निभाना आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छता साथियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए बधाई दी एवं पूर्व से पंजीकृत स्वच्छता साथियों को निरंतर स्वच्छता कार्यों में सक्रिय रहने हेतु प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के संस्थागत शौचालयों की वॉश ऑन व्हील सेवा के माध्यम से नियमित सफाई सुनिश्चित किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में घरेलू, संस्थागत एवं सामुदायिक शौचालयों की ऑन-साइट सफाई हेतु वॉश ऑन व्हील सेवा के अंतर्गत स्वच्छता साथियों को श्री महेश सौराष्ट्रीय, जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन द्वारा मोबाइल एप का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि शौचालय की सफाई संबंधी मांग मोबाइल एप के माध्यम से स्वच्छता साथियों को आवंटित की जाएगी तथा की गई सफाई गतिविधियों की प्रविष्टि भी मोबाइल एप पर की जाएगी। इस हेतु प्रत्येक स्वच्छता साथी को मोबाइल एप का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही स्वच्छता किट के महत्व एवं उसके माध्यम से प्रभावी ढंग से सफाई किए जाने की प्रक्रिया की जानकारी भी प्रदान की गई। शौचालय सफाई हेतु निर्धारित दरें वॉश ऑन व्हील सेवा के माध्यम से शौचालय की सफाई हेतु मांगकर्ता मोबाइल एप द्वारा सेवा का अनुरोध करेगा। सफाई कार्य पूर्ण होने के पश्चात निर्धारित राशि का भुगतान किया जाएगा। घरेलू शौचालय 50 रूपये प्रति शौचालय, संस्थागत/सामुदायिक शौचालय 200 रूपये प्रति संस्था आदि। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता साथियों द्वारा स्वच्छता किट पहनकर जिला पंचायत परिसर के शौचालय में वॉश ऑन व्हील का प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन का उद्देश्य स्वच्छता के महत्व को प्रदर्शित करना एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।-निखिल कुमार (राजगढ़)9/2/2026