राष्ट्रीय
10-Feb-2026
...


अहमदाबाद(ईएमएस)। ज्योतिर्लिंगों में प्रथम भगवान सोमनाथ के मंदिर में इस वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व ऐतिहासिक होने जा रहा है। आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर यहाँ लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना है। गिर सोमनाथ जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने इस विशाल जनसमूह की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी एन. वी. उपाध्याय ने बताया कि पिछले महीने आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के बाद से यहाँ आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में भारी उछाल देखा गया है। जनवरी1026 में सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले हमले के 1,000 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जनवरी में एक राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिरकत की थी। इस आयोजन के बाद मंदिर की लोकप्रियता और धार्मिक महत्ता को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। आंकड़ों के अनुसार, जहाँ सामान्य दिनों में यहाँ प्रतिदिन लगभग 20,000 श्रद्धालु आते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 75,000 प्रतिदिन हो गई है। इसे देखते हुए महाशिवरात्रि के दिन पाँच लाख लोगों का प्रबंधन करना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है। 15 फरवरी को होने वाले इस महापर्व के दौरान मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रहने की संभावना है, जिसमें विशेष चार प्रहर की पूजा और भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी, छायादार कतारों और चिकित्सा सहायता की विशेष व्यवस्था की है। समुद्र तट पर स्थित होने के कारण सोमनाथ मंदिर की धार्मिक आभा और प्राकृतिक सौंदर्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। वीरेंद्र/ईएमएस/10फरवरी2026 -----------------------------------