राष्ट्रीय
11-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक कार्यकारी आदेश का हवाला देते हुए केंद्र सरकार से स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की। ओवैसी ने कहा कि 6 फरवरी को जारी एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर के सेक्शन 4 में उल्लेख है कि यदि भारत रूस से तेल खरीदारी जारी रखता है तो उस पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया जा सकता है। सांसद ओवैसी ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, वह ‘गोरी चमड़ी वाला’ कौन होता है जो हमें बताए कि हम किससे तेल खरीद सकते हैं? हमें आजादी इसलिए मिली ताकि हम खुद तय कर सकें कि किससे तेल खरीदना है। वे कौन होते हैं हमें बताने वाले? क्या वे हमारे माता-पिता हैं जो हम पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगा सकते हैं? उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति और ऊर्जा सुरक्षा के फैसले देश के राष्ट्रीय हितों के आधार पर होने चाहिए, न कि किसी बाहरी दबाव में। ओवैसी ने सरकार से इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की और कहा कि भारत एक संप्रभु राष्ट्र है, जो अपने आर्थिक और रणनीतिक फैसले स्वयं लेने में सक्षम है। इसके साथ ही ओवैसी ने आतंकवाद के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन इंसाफ होना चाहिए और मुंबई हमलों तथा अन्य आतंकी मामलों से जुड़े आरोपियों, हाफिज सईद, मसूद अजहर और जकी-उर-रहमान लखवी को भारत लाने के लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। हिदायत/ईएमएस 11फरवरी26