क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। जगन्नाथ धाम पुरी में 6 से 8 फरवरी तक आयोजित भारतीय मजदूर संघ का 21वां अखिल भारतीय अधिवेशन भव्य रूप से संपन्न हुआ। अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में केन्द्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विभिन्न सत्रों में ओडिशा के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, आईएलओ प्रतिनिधि तथा केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने देशभर से आए लगभग 2500 प्रतिनिधियों को संबोधित किया। तीन दिवसीय अधिवेशन में श्रमिक आंदोलन की अब तक की यात्रा और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। दूसरे दिन जगन्नाथ धाम में हजारों श्रमिकों द्वारा विशाल शोभायात्रा निकाली गई तथा सार्वजनिक सभा आयोजित की गई। अंतिम दिन निवर्तमान अध्यक्ष हिरण्यमय पंड्या द्वारा प्रस्तुत नई कार्यकारिणी को सर्वसम्मति से पारित किया गया। नई कार्यकारिणी में एस. मलेशम को अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ श्रमिक नेतासुरेन्द्र कुमार पाण्डेय को महामंत्री नियुक्त किया गया। साथ ही राधेश्याम जायसवाल को अखिल भारतीय मंत्री तथा दिनेश कुमार पाण्डेय व गिरिजा शंकर आचार्य को कार्यसमिति सदस्य बनाया गया। अधिवेशन में श्रमिक हित में पांच महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें श्रम कानूनों का सार्वभौमिक लागू होना, जनरल भर्ती पर रोक हटाना, त्रिपक्षीय तंत्र को मजबूत करना, आंगनबाड़ी कर्मियों को सरकारी कर्मचारी घोषित करना तथा ठेका श्रमिकों के शोषण को समाप्त करने हेतु कानून में संशोधन शामिल है। भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ के कार्यकारी अध्यक्ष शंखध्वनि सिंह बनाफर ने कहा कि इन नियुक्तियों से प्रदेश के मजदूर वर्ग में उत्साह है और देशभर में श्रमिक आंदोलन को नई दिशा मिलेगी। साथ ही 25 फरवरी को देश के सभी जिला मुख्यालयों में श्रम सुधारों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर मांग पत्र सौंपा जाएगा। मनोज राज 10 फरवरी 2026