क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा कोनी (सेंदरी) बिलासपुर में रविवार को करूवा बाबा जी का वार्षिकोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समूह द्वारा विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 159 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर मुफ्त दवाइयां एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परमपूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु जी एवं गुरूपद संभवराम जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, धूप-दीप एवं आरती से की गई। इसके पश्चात ग्राम देवता करूवा बाबा जी का विधिवत पूजन-अर्चन शाखा के मंत्री उमेश नारायण मिश्रा एवं ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा किया गया। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया तथा ग्राम देवता के महत्व की जानकारी दी गई। सीएचएमओ डॉ. शुभ्रा गरेवाल के नेतृत्व में आयोजित शिविर में बीपी, शुगर, सिकलसेल, टीबी, आंख, आर्थो एवं नस रोगों की जांच की गई। टीबी के 56 लोगों की जांच में 3 मरीज पॉजिटिव पाए गए। 26 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए तथा 32 का पीएफटी टेस्ट किया गया। शिविर में 17 लोगों के आयुष्मान कार्ड और 11 वय वंदन कार्ड बनाए गए, वहीं एक दिव्यांग को वॉकर भी प्रदान किया गया। शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों, मितानिनों एवं स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। शाखा मंत्री उमेश नारायण मिश्रा ने बताया कि 15 फरवरी को आश्रम प्रांगण में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा और सभी ग्रामवासियों से इसमें शामिल होने की अपील की गई।