जांजगीर(ईएमएस)। जिले के जीएलडी स्कूल, खैरताल में फेयरवेल पार्टी के दौरान वाहनों पर स्टंटबाजी करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। घटना 4 फरवरी की बताई जा रही है, जिसमें कार और स्कॉर्पियो की बोनट व छत पर कई युवक बैठकर स्टंट करते नजर आए। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। नवागढ़ थाना पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों को पकड़कर समझाइश दी और मोटरयान अधिनियम, 1988 के तहत प्रत्येक चालक पर 2800-2800 रुपये का जुर्माना लगाया। पुलिस के अनुसार इस तरह की स्टंटबाजी न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बनती है और यह सड़क सुरक्षा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। मोटरयान अधिनियम में वाहन पर सुरक्षित बैठना अनिवार्य बताया गया है तथा सार्वजनिक सड़क पर जोखिमपूर्ण या खतरनाक ढंग से वाहन चलाना अपराध माना जाता है। नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना, समन शुल्क और जरूरत पड़ने पर अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकती है।