बिलासपुर (ईएमएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी का छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक व धार्मिक नगरी रतनपुर स्थित शक्तिपीठ मां महामाया मंदिर में पावन आगमन हुआ। उनके आगमन पर परिषद के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया। स्वागत के पश्चात प्रो. तिवारी ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विकास पाण्डेय एवं प्रदेश संगठन मंत्री महेश साकेत के साथ मां महामाया के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने राष्ट्र की उन्नति, समाज की समृद्धि तथा छात्र-युवा वर्ग के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने भारत को सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। पूजन उपरांत प्रो. तिवारी ने कार्यकर्ताओं के साथ परिचयात्मक बैठक की। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति और राष्ट्रभक्ति की भावना ही देश को एकसूत्र में बांधती है। विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य केवल छात्र हितों की रक्षा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना भी है। युवाओं को शिक्षा, संस्कार और सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन, सेवा और शिक्षा के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचें और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें। इस अवसर पर प्रदेश सह मंत्री हिमांशु कौशिक, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आराध्य तिवारी, शुभम पाठक, नगर मंत्री अरविंद सिंह चंदेल, सह मंत्री विवेक, वृक्षा, करण, रुद्राक्ष, कार्यालय मंत्री शिवांग सोनी, पूर्व कार्यकर्ता अतीश सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मनोज राज 10 फरवरी 2026