क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। लिंगियाडीह बचाव आंदोलन विगत ढाई माह से अनवरत जारी है। आंदोलन के 80वें दिन भी सैकड़ों महिलाएं धूल खाते हुए धरना स्थल पर बैठी रहीं। इस आंदोलन को सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों एवं समाज के विभिन्न वर्गों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। आंदोलनकारियों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा गरीबों की जमीन छीनी जा रही है और उन्हें बेघर किया जा रहा है। पूर्व विधायक रामेश्वर खरे ने दिया समर्थन धरना आंदोलन में सीपत के पूर्व विधायक एवं बसपा नेता रामेश्वर खरे पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठी राजनीतिक पार्टियां चुनाव के समय गरीबों के लिए बड़े-बड़े वादे करती हैं, लेकिन आज स्थिति इसके ठीक विपरीत है।लिंगियाडीह के 138 परिवार बेघर हो चुके हैं, उनकी रोजी-रोटी छिन गई है और वे सडक़ पर आ गए हैं। राजनीतिक व सामाजिक नेताओं के तीखे बयान छत्तीसगढिय़ा मंच के श्याम मूरत साहू ने कहा कि सरकार राम नाम का ढिंढोरा पीटकर राज कर रही है और क्षेत्रीय विधायक के दबाव में निगम द्वारा कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस नेता साखन दर्वे एवं भोलाराम साहू ने कहा कि आंदोलन के इतने दिनों बाद भी स्वास्थ्य विभाग एवं निगम के अधिकारी धरना स्थल तक नहीं पहुँचे, जबकि कई महिलाओं की तबीयत खराब हो रही है। पट्टा के नाम पर वसूली, फिर तोडफ़ोड़ का आरोप डॉ. रघु साहू ने संचालन भाषण में कहा कि गरीबों से पट्टा देने के नाम पर 10 रुपये प्रति वर्गफुट राशि वसूली गई, लेकिन आज तक पट्टा नहीं मिला। उल्टा घर तोडऩे का नोटिस दिया जा रहा है। जबकि लिंगियाडीह दुर्गा नगर को आवासीय घोषित किया गया है, फिर भी गार्डन और व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स के नाम पर गरीबों को खदेड़ा जा रहा है। महिलाओं की पीड़ा सामने आई श्रीमती यशोदा पाटिल सहित कई महिलाओं ने अपनी पीड़ा साझा की। आंदोलन में एस.पी. केशर, विश्वनाथ डहरिया, घनश्याम सोनी, सुनील साहू, हर्ष कश्यप, संतोष साहू सहित वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपने विचार रखे। आंदोलन में एक सौ से अधिक महिलाएं शामिल रहीं। मेरा पार्षद कार्यालय तोड़ दिया - दिलीप पाटिल वार्ड 52 के कांग्रेस पार्षद दिलीप पाटिल ने आरोप लगाया कि वे गरीबों के साथ खड़े हैं, इसी वैमनस्यता के चलते उनका पार्षद कार्यालय तोड़ दिया गया। इससे उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है और वे मजबूरन धरना स्थल पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। मनोज राज 10 फरवरी 2026