राज्य
10-Feb-2026


* केपेसिटी बिल्डिंग कमीशन की चेयरपर्सन राधा चौहान ने गुजरात के प्रयासों की सराहना की गांधीनगर (ईएमएस)| केपेसिटी बिल्डिंग कमीशन (सीबीसी) की चेयरपर्सन राधा चौहान (आईएएस) ने हाल ही में गुजरात का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा सरकारी कर्मचारियों के क्षमता निर्माण (केपेसिटि बिल्डिंग) हेतु किए जा रहे प्रयासों की समग्र समीक्षा की और गुजरात के मॉडल को अन्य राज्यों के लिए प्रेरणास्पद बताया। इस दौरे के दौरान राधा चौहान ने गांधीनगर में मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार हसमुख अढिया तथा स्पिपा (एसपीआईपीए) के महानिदेशक हारित शुक्ला के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में गुजरात राज्य में सरकारी कर्मचारियों के क्षमता निर्माण के लिए उठाए गए कदमों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही, अन्य राज्यों में किए जा रहे विभिन्न नवाचारों और प्रयोगों के अनुभवों का भी आदान-प्रदान हुआ। विशेष रूप से, गुजरात सरकार द्वारा वर्ग-3 और वर्ग-4 के कर्मचारियों के लिए चलाए जा रहे ‘कर्मयोगी प्रशिक्षण महाअभियान’ की राधा चौहान ने प्रशंसा की। उन्होंने इस पहल को नवोन्मेषी बताते हुए कहा कि अंतिम पंक्ति तक के कर्मचारियों तक प्रशिक्षण पहुँचाने के लिए गुजरात सरकार और स्पिपा के प्रयास पूरे देश के लिए एक उत्कृष्ट उदाहरण हैं। अहमदाबाद स्थित स्पिपा की अपनी विशेष यात्रा के दौरान राधा चौहान को स्पिपा में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों, स्पेशल फाउंडेशन कोर्स, गुजरात प्रशासनिक सुधार आयोग की रिपोर्टों एवं उनकी सिफारिशों के कार्यान्वयन, राज्य की प्रशिक्षण संस्थाओं की एक्रेडिटेशन प्रक्रिया तथा विभिन्न सरकारी विभागों के लिए तैयार किए गए ‘वार्षिक क्षमता निर्माण योजना)’ जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया। इन सभी प्रयासों पर संतोष व्यक्त करते हुए राधा चौहान ने गुजरात सरकार और स्पिपा के लक्ष्यों को साकार करने के लिए केपेसिटी बिल्डिंग कमीशन की ओर से हर स्तर पर पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। सतीश/10 फरवरी