राष्ट्रीय
10-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में बजट सत्र के दौरान समाजवादी सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर अभी बोल रहे थे। उन्होंने काफी आंकड़े गिनाए, उसी से मिलते-जुलते आंकड़े मेरे पास भी हैं। उन्होंने कहा कि बजट आने से पहले और बजट आने के बाद पूरे देश में अमेरिका से डील को लेकर चर्चा हो रही थी। बीजेपी ने दावे किए कि हमने दुनिया में कई देशों से फ्री ट्रेड डील की है। मैं सरकार से जानना चाहूंगा कि कितने देश बचे हैं, जिनसे फ्री ट्रेड डील नहीं कर सके हैं। कुछ लोग रुपये को लेकर उम्र पर सवाल उठाते थे, इस डील के बाद रुपया कहां जाएगा। यही डील करनी थी, तब पहले ही क्यों नहीं कर ली गई। ये डील नहीं, ढील हुई है। अखिलेश यादव ने बजट को दिशाहीन बताकर कहा कि इसमें गरीब, पिछड़े, दलित के लिए कुछ नहीं है। हम इतने बजट ला रहे हैं, लेकिन हमारी पर कैपिटल इनकम नहीं बढ पा रही। मोदी सरकार को कम से कम फ्री राशन पाने वालों की पर कैपिटल कमाई बताना चाहिए। यूपी जैसे प्रदेश की डबल इंजन की सरकार को बहुत कुछ कहा जाता है। यूपी के लिए कोई खास योजना ऐसी नहीं आई है, जिससे यूपी के 25 करोड़ लोगों को मुख्य धारा से जोड़ा जाए। यूपी से प्रधानमंत्री आते हैं, भारत सरकार के बजट से कोई भी एक्सप्रेसवे नहीं बना है। जो बने भी हैं, उस क्वालिटी के नहीं हैं, जैसे विकसित भारत की क्वालिटी होनी चाहिए। अखिलेश ने मोदी और योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से कोई एक्सप्रेसवे बन रहा था। बनने के साथ-साथ उसका नाम भी बदल दिया। पहले चंबल फिर अटल जी के नाम पर...लग रहा वह बस कागजों पर बन रहा था। किसानों की आय दोगुनी करने की बात थी। इस डील के बाद हमारे किसानों का हाल क्या होगा। जब सब कुछ विदेश से ही आएगा, किसान क्या उगाएगा और क्या बेच पाएगा। मोदी सरकार ने एग्री इंफ्रा, मंडिया तैयार करने की बात कही थी। मोदी सरकार हर्टिकल्चर क्रॉप्स और दुग्ध उत्पादन के आंकड़े गिनाती है। अगर किसान को लाभ नहीं मिलेगा, अपना घर कैसे चलाएगा, बच्चों को कैसे पढ़ाएगा, बेटियों को विदा कैसे करेगा। आज सोने के भाव कहां पहुंच गए। आशीष दुबे / 10 फरवरी 2026