क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


राजगढ़(ईएमएस) मंगलवार से जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की बोर्ड परीक्षाएं आज (मंगलवार) से शुरू हो गईं। पहले दिन कक्षा 12वीं का अंग्रेजी विषय का पेपर आयोजित किया गया, जिसमें जिले के 63 परीक्षा केंद्रों पर कुल 14,847 परीक्षार्थी शामिल हुए। सुबह 9 बजे शुरू हुई परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। परीक्षा को नकलमुक्त और अनुशासित बनाए रखने के लिए इस बार सख्त व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी में लगे शिक्षक-शिक्षिकाओं के मोबाइल फोन लॉकर में बंद कराए गए। इससे परीक्षा कक्षों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या बाहरी संपर्क की संभावना समाप्त हो गई। विद्यार्थियों को प्रवेश से पहले गहन जांच से गुजरना पड़ा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को परीक्षा कक्ष में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील घोषित परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी रखी गई। अति संवेदनशील केंद्रों पर जैमर सक्रिय रहे, जिससे परीक्षा अवधि में मोबाइल नेटवर्क बाधित रहा। तीन घंटे तक चली परीक्षा के बाद दोपहर 12 बजे जब छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले, तो उनके चेहरों पर संतोष साफ नजर आया। अधिकांश विद्यार्थियों ने अंग्रेजी के प्रश्नपत्र को संतुलित और उम्मीद से बेहतर बताया। - उड़नदस्ते लगातार निगरानी कर रहे परीक्षा देकर बाहर आए 12वीं कक्षा के छात्र राकेश दांगी ने बताया, मेरा अंग्रेजी का पेपर था। मेरे हिसाब से पेपर बहुत अच्छा गया। जो उम्मीद थी, उससे भी बेहतर प्रश्न आए हैं। अब रिजल्ट आने पर सही स्थिति पता चलेगीl शिक्षा विभाग के अनुसार, जिले में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में नियमित और स्वाध्यायी मिलाकर कुल 34,866 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इनमें कक्षा 10वीं के 20,019 और कक्षा 12वीं के 14,847 विद्यार्थी हैं। परीक्षा अवधि के दौरान ब्लॉक और जिला स्तर पर गठित उड़नदस्ते लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी सतर्कता बरती जा रही है। परीक्षा के दौरान कलेक्टर और एसपी किसी भी समय किसी भी परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सकते हैं। पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद शिक्षा विभाग ने राहत की सांस ली है। आने वाले दिनों में भी परीक्षाएं इसी सख्ती और निगरानी के बीच आयोजित की जाएंगी।-निखिल कुमार (राजगढ़)10/2/2026